ग्रेटर नोएडा हॉस्टल में आग |
ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में स्थित सावित्रीबाई फुले कन्या इंटर कॉलेज के हॉस्टल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग हॉस्टल के स्टोर रूम में लगी, जहां रखा फर्नीचर और पुराना सामान जल गया।
गनीमत रही कि आग लगने के समय हॉस्टल में रहने वाली सभी छात्राएं क्लास में पढ़ाई कर रही थीं। इस वजह से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
समय पर पहुंची दमकल, टला बड़ा हादसा
दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच गईं, जिससे आग स्टोर रूम से आगे हॉस्टल के दूसरे कमरों तक नहीं फैल सकी। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे के मुताबिक, स्टोर रूम बंद था और उसमें पुराना सामान रखा हुआ था। फिलहाल आग लगने की सही वजह स्पष्ट नहीं हुई है। हालांकि, शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रीति फोगाट ने बताया कि जिस समय स्टोर रूम में आग लगी, उस समय हॉस्टल की सभी छात्राएं अपनी कक्षाओं में थीं।