Saturday, September 05, 2026 02:00:35 AM

नोएडा हाइड पार्क महिला मौत
नोएडा की सोसाइटी में 7वीं मंजिल से महिला ने लगाई छलांग, जांच में जुटी पुलिस

नोएडा के सेक्टर-78 की हाइड पार्क सोसाइटी में 52 वर्षीय महिला की सातवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

नोएडा की सोसाइटी में 7वीं मंजिल से महिला ने लगाई छलांग जांच में जुटी पुलिस
नोएडा हाइड पार्क महिला मौत |

नोएडा के सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी में सोमवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। करीब 52 साल की प्रभजोत कौर ने सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रभजोत कौर दिल्ली के विकासपुरी की रहने वाली थीं। वह शुक्रवार को अपनी बहन सतविंद्र कौर के घर नोएडा आई थीं।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे प्रभजोत सातवीं मंजिल पर पहुंचीं। वहां उन्होंने कुर्सी पर चढ़कर अचानक छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिवार ने क्या बताया?

पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रभजोत के पति का पहले ही निधन हो चुका था। उनकी दो संतानें हैं, जो अलग-अलग रहती हैं। प्रभजोत दिल्ली के विकासपुरी में अकेली रहती थीं और अक्सर अपनी बहन के घर नोएडा आती थीं।

परिजनों के अनुसार, प्रभजोत कई सालों से अवसाद से जूझ रही थीं और उनकी दवाइयां चल रही थीं। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उनका तनाव भी बढ़ा हुआ था।

हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अनुसार, मामले में सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस घटना की जांच कर रही है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें