आम्रपाली सोसायटी गंदा पानी 1400 परिवार परेशान |
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंग्स वुड सोसायटी में करीब 1400 परिवारों को गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार सुबह सोसायटी के दो टावरों में पीले रंग का और बदबूदार पानी आने से लोगों में आक्रोश फैल गया।
निवासियों का आरोप है कि घरों के किचन और आरओ सिस्टम तक में बदबूदार पानी पहुंच रहा है, जिससे पीने, खाना बनाने और नहाने जैसी बुनियादी जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार टावरों में पानी की सप्लाई बाधित हो जाती है, और जब पानी आता भी है तो वह गंदा होता है। विशेष रूप से टावर डी और जे ब्लॉक के निवासियों को ज्यादा दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि मुख्य जल आपूर्ति में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का पानी मिल जाने से यह स्थिति बनी है। इस वजह से घरों में बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
निवासी राणा प्रताप सिंह ने बताया कि यह समस्या लगातार बनी हुई है और लोगों को हर दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई लोगों को पीने के पानी के लिए बाहर से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
वहीं सेक्टर-3 स्थित जनता फ्लैट में भी जर्जर पाइपलाइन के कारण गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। पिछले एक साल से यहां पानी की आपूर्ति प्रभावित है। कई जगह पाइपलाइन टूटने से सीवर का पानी मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। पहले भी दूषित पानी की सप्लाई से 300 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं।
निवासियों के अनुसार, पिछले दो हफ्तों से स्थिति और खराब हो गई है और कई लोगों को पेट दर्द व अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं। इस मामले में कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंग्स वुड सोसायटी के एडहॉक एओए अध्यक्ष राघवेंद्र यादव ने बताया कि नए बोरवेल से सप्लाई शुरू करने के कारण घरों में मिट्टी वाला पानी आया है। उन्होंने कहा कि बोरवेल के पानी को दोबारा साफ कराया जा रहा है और साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से गंगाजल सप्लाई की मात्रा बढ़ाने की अपील की गई है।