Sunday, August 16, 2026 10:04:27 AM

नहर में महिला का शव, पति पर हत्या का आरोप
ग्रेटर नोएडा: नहर में मिला महिला का शव, पति ने बताया हादसा, भाई ने लगाए हत्या के आरोप

ग्रेटर नोएडा के दनकौर में नहर से 26 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। पति ने इसे सड़क हादसा बताया, जबकि मृतका के भाई ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा नहर में मिला महिला का शव पति ने बताया हादसा भाई ने लगाए हत्या के आरोप
नहर में महिला का शव, पति पर हत्या का आरोप |

ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में भट्टा गांव के पास रविवार देर रात करीब 12 बजे नहर से एक महिला का शव बरामद किया गया। शव पुलिस चेकपोस्ट से कुछ ही दूरी पर मिला। घटनास्थल से थोड़ी दूर महिला के पति की थार गाड़ी भी नहर में डूबी हुई मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार दोपहर करीब 1:40 बजे तक इस संबंध में दनकौर कोतवाली में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।

मृतका की पहचान रीना (26) के रूप में हुई है। उनके पति मोहित ने पुलिस को बताया कि दोनों मथुरा से वापस लौट रहे थे। भट्टा गांव स्थित पुलिस चेकपोस्ट के पास अचानक उनकी थार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन नहर में जा गिरा। मोहित का कहना है कि वह किसी तरह गाड़ी से बाहर निकल आए, लेकिन रीना गहरे पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

हालांकि, बुलंदशहर जिले के खारोल गांव निवासी मृतका के भाई सोनू ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार किया है। उन्होंने अपनी बहन के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। सोनू के मुताबिक, रीना की शादी करीब छह साल पहले भट्टा गांव निवासी मोहित से हुई थी और दोनों का एक पांच वर्षीय बेटा भी है।

सोनू का आरोप है कि पिछले करीब 20 दिनों से रीना फोन पर बता रही थी कि उसका पति उस पर तलाक लेने का दबाव बना रहा था। जब उन्होंने इस संबंध में ससुराल पक्ष से बात की, तो उन्हें हमेशा सब कुछ सामान्य होने की बात कही गई।

मृतका के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। उन्होंने पुलिस पर पति से पैसे लेकर समझौते का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। सोनू के अनुसार, घटना की जानकारी उन्हें देर रात मोहित ने फोन पर दी थी।

वहीं, दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें