नोएडा मिशन शक्ति 6-0 महिला रैली |
नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महिला सशक्तिकरण रैली निकाली गई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित यह रैली सेक्टर-51 के ग्राम होशियारपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से शुरू हुई।
500 छात्राओं ने लिया हिस्सा
पैदल मार्च का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनीती ने किया। कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह, थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक और महिला थाना प्रभारी के समन्वय से किया गया। रैली में करीब 500 छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
इसके अलावा आशा बहुओं, होमगार्ड्स, एएनएम, शिक्षकों और सफाईकर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया। विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी साझा की।
महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में गौतमबुद्धनगर के नोएडा जोन के सभी थानों की मिशन शक्ति टीम, स्वयं सिद्धा टीम और एंटी रोमियो टीम ने सक्रिय भागीदारी की। पैदल मार्च के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
साथ ही, महिलाओं और बच्चों के हित में चलाई जा रही सरकारी योजनाओं तथा महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर पीड़ित महिलाएं और बालिकाएं समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।
नवरात्र के मद्देनजर चलाया गया जागरूकता अभियान+
शारदीय नवरात्र के मद्देनजर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में महिला सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।
इस दौरान आम लोगों से महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की गई। साथ ही, किसी भी तरह के उत्पीड़न या दुर्व्यवहार की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस के मुताबिक, मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत विभिन्न विभागों और आमजन के सहयोग से जागरूकता और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल देना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और महिला सुरक्षा के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।