नोएडा राकेश टिकैत किसान धरना |
सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर भारतीय किसान यूनियन टिकैत का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को भी जारी रहा। सुबह संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत धरनास्थल पर पहुंचे।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुरोध पर राकेश टिकैत किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश से बातचीत के लिए तैयार हुए। इसके बाद वह धरनास्थल से ट्रैक्टर पर सवार होकर सैकड़ों किसानों के साथ प्राधिकरण कार्यालय के अंदर पहुंचे।
राकेश टिकैत ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण के अंदर पहुंचने वाला यह पहला ट्रैक्टर है और किसानों की समस्याओं को लेकर यह पहला धरना है। उन्होंने कहा कि अगर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और लंबा और व्यापक किया जाएगा।
17 सूत्रीय मांगों पर करीब दो घंटे हुई बैठक
राकेश टिकैत की अध्यक्षता में करीब दो घंटे तक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में किसानों के 17 सूत्रीय मांगपत्र पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन भाकियू गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया।
बैठक के बाद राकेश टिकैत ने कहा कि प्राधिकरण अधिकारियों के साथ हुई वार्ता की समीक्षा करने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो भी निर्णय होगा, उसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना तीनों प्राधिकरणों से जुड़े किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की मांगों का ठोस समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
अधिकारी और किसान प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में प्राधिकरण की ओर से सीईओ कृष्णा करुणेश, एसीईओ पुष्पराज सिंह, ओएसडी क्रांति शेखर सिंह, ओएसडी हर्षिता तिवारी, महाप्रबंधक आरपी सिंह, एके अरोड़ा, नियोजन विभाग की महाप्रबंधक मीणा भार्गव, सीएलए एसके सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं किसान प्रतिनिधियों में एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, राजीव मलिक, मटरू नागर, श्रीपाल कसाना, विपिन प्रधान, रविंद्र भगत जी, अनिल खारी, जोगिंदर कसाना और शैलेश बेसोया सहित अन्य किसान प्रतिनिधि शामिल रहे।