गार्डन गैलेरिया में 70 लाख की धोखाधड़ी का आरोप |
नोएडा: सेक्टर-38ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल के गेट नंबर-11 के बाहर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले किसानों ने धरना दिया। किसानों का आरोप है कि पब-बार में शेयर होल्डिंग के नाम पर करीब 70 लाख रुपये का निवेश करने के बावजूद उन्हें रकम वापस नहीं मिली। साथ ही, निवेश से जुड़े दस्तावेजों में भी फर्जीवाड़ा किया गया है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। करीब शाम पांच बजे पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने अपना धरना स्थगित कर दिया।
70 लाख रुपये के निवेश पर 10 प्रतिशत मुनाफे का था वादा
किसान नेता राज कुमार नागर ने बताया कि गार्डन गैलेरिया मॉल के अंदर स्थित एक बार-रेस्टोरेंट में किसान निशांत भार्गव और अरविंद भाटी ने करीब 70 लाख रुपये का निवेश किया था। यह रकम वर्ष 2021 से 2025 के बीच राहुल सिंह को आरटीजीएस के माध्यम से दी गई थी।
आरोप है कि निवेश के बदले दोनों किसानों को 10-10 प्रतिशत मुनाफा देने का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें कोई लाभ नहीं मिला। इसके बाद निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराई गई, जिसमें कथित फर्जीवाड़े की बात सामने आई।
इस मामले में सेक्टर-39 थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बावजूद किसानों को उनकी रकम वापस नहीं मिली। इसी के विरोध में सोमवार को किसान गार्डन गैलेरिया मॉल के बाहर धरने पर बैठ गए।
पुलिस के आश्वासन पर स्थगित हुआ धरना
किसानों की मांग है कि उनकी निवेश की गई रकम वापस कराई जाए और मामले में उचित कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी गई है।
पुलिस की ओर से दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने का आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने शाम पांच बजे अपना धरना स्थगित कर दिया।