सुखबीर खलीफा समेत 40 पर केस |
नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा समेत उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सड़क पर नारेबाजी कर यातायात रोका गया, मार्ग जाम किया गया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पर्थला चौकी प्रभारी अंकित शर्मा की शिकायत पर दर्ज मामले में सुखबीर खलीफा समेत 40 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब 200 अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कुल 13 धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
6 सितंबर से चल रहा था धरना
चौकी प्रभारी अंकित शर्मा के मुताबिक, भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में पर्थला फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे खाली जमीन पर नया बिजली कनेक्शन देने की मांग को लेकर 6 सितंबर से धरना दिया जा रहा था।
शिकायत में कहा गया है कि 21 सितंबर को प्रदर्शनकारियों ने लाउडस्पीकर के जरिए संबोधन किया, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हुई।
सड़क जाम और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को सुखबीर खलीफा के साथ करीब 150 से 200 लोग बिना अनुमति मुख्य सड़क पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि सड़क बाधित होने से यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई।
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान फुटपाथ पर रखे सरकारी गमलों और अन्य सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। इससे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया।
पुलिस से धक्का-मुक्की और मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, प्रदर्शनकारी मौके पर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान मुख्य सड़क को जाम करने से आम लोगों को परेशानी हुई और इलाके में भय का माहौल बना।
इन 40 लोगों को किया गया नामजद
मुकदमे में सुखबीर खलीफा, उदल यादव, जतन यादव, जयवीर यादव, कुंवरपाल प्रधान, सोनू, बबली शर्मा, विनय पांडेय, विकास झा, रेनू देवी, अनुसुइया तिवारी, विभूति भूषण मिश्रा, पूजा गुप्ता, रामदीन यादव, आशा देवी, आशा गौतम, वर्षा, मुन्नी, मीरा, राजेंद्र कश्यप, अंजना, शांति, सुशीला, सुलेखा, महिपाल, रोहित यादव, सुनीता, विकल यादव, विकास यादव, राकेश यादव, बलबीर उर्फ बब्बू यादव, रिंकू यादव, विनोद यादव, चेतन, रामभरोसे यादव, सोनू यादव, मनोज यादव, संदीप चौहान, जय प्रकाश आर्य और राजेश पहलवान को नामजद किया गया है।
ये सभी भारतीय किसान परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता बताए गए हैं। मामले की जांच संजय मलिक को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।