नोएडा में बेटे की मौत के बाद पिता का शव मिला |
नोएडा के फेस-3 थाना क्षेत्र से सामने आई एक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 16 साल के अमृत शर्मा की सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर मौत हो गई, और इसके कुछ ही समय बाद उसके पिता राजू शर्मा का शव एक कमरे में मिला। एक परिवार की इस दर्दनाक कहानी ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, बीते गुरुवार को अमृत के चाचा अरुण शर्मा थाने पहुंचे और बताया कि उनके भतीजे ने सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। इसी दौरान उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि अमृत के पिता राजू शर्मा का कोई पता नहीं चल रहा है।
इसके बाद पुलिस ने राजू शर्मा की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान तिकोना पार्क, अजनारा समिति की गली नंबर-2 में एक कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को शक हुआ। अमृत के पास मिली चाबियों से कमरे का ताला खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। राजू शर्मा मृत अवस्था में पड़े थे।
पुलिस के मुताबिक, राजू शर्मा के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान अमृत के पास से दो मोबाइल फोन और कुछ चाबियां मिलीं। वहीं कमरे से अमृत के खून से सने कपड़े भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिन्हें फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए कब्जे में लिया है।
परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि राजू शर्मा अपने बेटे अमृत को बाहर जाने से रोकते थे। बताया गया है कि अमृत का किसी स्कूल में दाखिला भी नहीं कराया गया था। इन परिस्थितियों को लेकर वह काफी परेशान और मानसिक रूप से तनाव में था।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है—आखिर उस कमरे में क्या हुआ था? पिता की मौत और बेटे की मौत के बीच क्या कड़ी है?
राजू शर्मा के भाई अरुण शर्मा की शिकायत पर अमृत शर्मा को नामजद करते हुए फेस-3 थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। लेकिन इस घटना ने एक बेहद गंभीर सवाल जरूर छोड़ दिया है—एक 16 साल का बच्चा आखिर किस दर्द से गुजर रहा था कि बात इतनी भयावह स्थिति तक पहुंच गई?