उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल
यह मामला रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव का है। पुलिस को 17 अक्टूबर 2026 की सुबह घटना की सूचना मिली। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय महेश, उनकी 35 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। इनमें 11 साल का बेटा लड्डू, 7 साल की बेटी मिष्टी और 3 साल का बेटा साक्षात शामिल हैं।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
रात में खाई थी मैगी, फूड पॉइजनिंग की आशंका
प्रारंभिक जानकारी और मृतक महेश की मां के बयान के मुताबिक, परिवार ने रात में मैगी खाई थी। इसके बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि पांचों की मौत खाने की वजह से ही हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और खाने-पीने की चीजों के नमूने लिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने पांचों शवों का पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।