ग्रेटर नोएडा जाली नोट गिरोह तीन गिरफ्तार |
ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना इकोटेक प्रथम पुलिस और स्वाट टीम ग्रेटर नोएडा जोन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जाली नोटों की छपाई और तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100-100 रुपये के कुल 2,549 जाली नोट, जिनकी कुल कीमत करीब 2,54,900 रुपये है, बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 5 अक्टूबर 2026 को की गई। पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों बन्टी अत्री, खुशदिल और उपेन्द्र कुमार को सिरसा गोल चक्कर से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से जाली नोटों की छपाई में इस्तेमाल होने वाला एक प्रिंटर, नोटों की कटिंग करने वाली मशीन और स्कॉर्पियो कार नंबर HR 30 AF 9184 भी बरामद की गई।
इस तरह तैयार करते थे जाली नोट
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले असली नोट को स्कैन करते थे। इसके बाद प्रिंटर की मदद से उसी सीरियल नंबर के जाली नोट तैयार किए जाते थे। नोटों की कटिंग के लिए मशीन का इस्तेमाल किया जाता था। इसके बाद जाली नोटों की गड्डियां तैयार की जाती थीं, जिनके ऊपर और नीचे असली नोट लगाए जाते थे।
पुलिस का कहना है कि गड्डियों को असली नोटों जैसा दिखाने के लिए प्रत्येक गड्डी के सिरे पर केनरा बैंक के डिपॉजिट फॉर्म को रबर बैंड से लगाया जाता था, ताकि उन्हें असली नोटों के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- बन्टी अत्री, पुत्री रामपाल सिंह, निवासी पालर, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़, उम्र 23 वर्ष।
- खुशदिल, पुत्र तेजवीर, निवासी ग्राम कसेरू, थाना चंडौस, जिला अलीगढ़, उम्र 21 वर्ष।
- उपेन्द्र कुमार, पुत्र योगेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम जला कसेरु, थाना चंडौस, जिला अलीगढ़, उम्र 25 वर्ष।
बरामदगी
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 100-100 रुपये के 2,549 जाली नोट, कुल कीमत 2,54,900 रुपये, एक प्रिंटर, नोटों की कटिंग करने वाली एक मशीन, एक स्कॉर्पियो कार और चार मोबाइल फोन, आईडी कार्ड व अन्य कागजात बरामद किए गए हैं।
इस मामले में मु0अ0सं0 106/2026, धारा 178/179/180 बीएनएस, थाना इकोटेक प्रथम, गौतमबुद्धनगर में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।