नोएडा सेक्टर-63 फैक्ट्री में भीषण आग |
उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-63 में जूता-चप्पल बनाने वाली एक फैक्ट्री में बीते दिन अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हादसे में किसी बड़े जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
6 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
एफएसओ प्रदीप कुमार के मुताबिक, आग की सूचना मिलते ही 6 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इनमें 22,000 लीटर क्षमता वाली बड़ी गाड़ियां भी शामिल थीं।
फायरफाइटर्स ने कंपनी के दोनों तरफ से अंदर जाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। पानी की तेज बौछारों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
दमकल कर्मियों की सूझबूझ से ग्राउंड, फर्स्ट, सेकंड और फोर्थ फ्लोर को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। इसके अलावा आसपास की दूसरी कंपनियों को भी आग से सुरक्षित रखा गया।
करीब दो घंटे में बुझी आग
करीब दो घंटे की फायर फाइटिंग के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शाम करीब 6 बजे फैक्ट्री बंद होने के बाद कोई स्विच ऑन रह गया होगा, जिसकी वजह से इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट हुआ और आग फैल गई।
फैक्ट्री बंद होने के कारण उस समय अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे एक बड़े जानी नुकसान की संभावना टल गई।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।