चीनी नागरिक सहित 3 गिरफ़्तार |
नोएडा एसटीएफ यूनिट ने शेल कंपनियों के जरिए चल रहे एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक चीनी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार चीनी नागरिक का भारतीय वीजा छह साल पहले ही समाप्त हो चुका था, लेकिन वह भारत में रहकर गतिविधियां चला रहा था।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्र के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे सेक्टर-93 स्थित पूर्वांचल सिल्वर सिटी से चीनी नागरिक लियाओ लान्गहुई, गाजियाबाद निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट संजीव कुमार और औरैया निवासी कौशलेंद्र को गिरफ्तार किया गया।
आरोप है कि यह गिरोह नोएडा में कई फर्जी शेल कंपनियां बनाकर करोड़ों रुपये का अवैध लेन-देन कर रहा था। जांच के दौरान आरोपियों के पास से पांच लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, एक टैबलेट, 10 मोहरें, 11 चेकबुक, दो चीनी पासपोर्ट, एक चीनी पहचान पत्र, पैन कार्ड और विभिन्न बैंकों के करीब 4.72 करोड़ रुपये के चेक बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि लियाओ वर्ष 2018 में भारत आया था और सेक्टर-83 स्थित वाईटीएल मैन्युफैक्चरिंग कंपनी के जरिए मोबाइल कवर बनाने का काम कर रहा था। आरोप है कि चीन से आयात किए गए कच्चे माल की कीमतों में हेरफेर कर तैयार माल को अंडर इनवॉयसिंग के जरिए बाजार में बेचा जाता था और बची रकम हवाला के माध्यम से चीन भेजी जाती थी।
एसटीएफ के अनुसार, गिरोह ने कई फर्जी कंपनियां बनाकर उनके बैंक खातों से करोड़ों रुपये का लेन-देन किया। जांच में भारतीय सहयोगियों की भी भूमिका सामने आई है। मामले में फेज-2 कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। साथ ही मनी ट्रेल की जांच के लिए ईडी और आयकर विभाग से भी समन्वय किया जाएगा।