ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में 8 कर्मचारियों पर सवाल |
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में 8 अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यकाल को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन कर्मचारियों की नियमित सेवा समाप्त होने के बाद इन्हें संविदा पर रखा गया था, लेकिन अब संविदा की अवधि भी खत्म हो चुकी है। इसके बावजूद ये लोग प्राधिकरण के दफ्तर में काम कर रहे हैं।
सूत्रों का दावा है कि इनमें से कुछ कर्मचारी बिना वेतन के भी काम कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कार्यकाल खत्म होने के बाद भी ये कर्मचारी किस आधार पर काम कर रहे हैं? क्या इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति दी गई है या फिर नियमों का पालन नहीं हो रहा है?
इन अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम सामने आए
वायरल सूची के मुताबिक, 7 अक्टूबर को महाप्रबंधक (प्रशासन/सामान्य) विमल किशोर गुप्ता (वीके गुप्ता) और सहायक प्रबंधक (सिविल) रियाजुद्दीन का कार्यकाल समाप्त हुआ।
वहीं, 9 अक्टूबर को सहायक प्रबंधक (प्रशासन/सामान्य) आशीष कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक (सिविल) अजय कुमार वर्मा, सहायक प्रबंधक राजा राम मौर्य और कनिष्ठ सहायक राम प्रसाद शर्मा का कार्यकाल पूरा हो गया।
इसके अलावा, 12 अक्टूबर को सहायक महाप्रबंधक (प्रशासन/सामान्य) पुरुषोत्तम दास गुप्ता (पीडी गुप्ता) का कार्यकाल भी समाप्त हो गया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में एक महाप्रबंधक, एक सहायक महाप्रबंधक और अन्य सहायक प्रबंधक व कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। मामला सामने आने के बाद प्राधिकरण में हलचल है। सूत्रों के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है।
हालांकि, इन कर्मचारियों के काम जारी रखने के पीछे क्या वजह है और क्या उन्हें कोई आधिकारिक अनुमति मिली है, इस बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आना बाकी है।