नोएडा ESIC में डिजिटल सिग्नेचर से जन्म प्रमाणपत्र |
सेक्टर-24 स्थित ESIC अस्पताल में पूर्व रजिस्ट्रार के डिजिटल हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर बिना OTP के एक नवजात का जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने का मामला सामने आया है। मामले में अब विभागीय जांच की मांग की गई है।
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की असिस्टेंट प्रोफेसर और तत्कालीन रजिस्ट्रार डॉ. ब्रह्मनीश सितारा ने मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. हरनाम कौर और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तनवीर करीम को लिखित शिकायत दी है।
उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके डिजिटल हस्ताक्षर का गलत तरीके से इस्तेमाल करके सेक्टर-63 के छिजारसी पते पर एक बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र तैयार किया गया। उन्होंने मामले की विभागीय जांच कराने और आरोप साबित होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार तक जांच समिति बनने की उम्मीद
डॉ. ब्रह्मनीश सितारा ने बताया कि पुलिस में शिकायत देने से पहले उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को लिखित शिकायत दी है। उनका कहना है कि यदि सोमवार को जांच समिति गठित कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट तैयार नहीं की जाती, तो वह साइबर क्राइम थाना पुलिस में लिखित शिकायत देंगे।
वहीं, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. हरनाम कौर ने कहा कि उन्हें अस्पताल में गलत तरीके से जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि जांच समिति बनाने के लिए अभी तक उन्हें डॉक्टर की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दो महीने पहले पद से हटाई गई थीं रजिस्ट्रार
बताया गया कि डॉ. ब्रह्मनीश सितारा को करीब दो महीने पहले रजिस्ट्रार के पद से हटाया गया था। आरोप है कि इसके बाद भी उनके डिजिटल हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर बिना OTP लिए नवजात का जन्म प्रमाणपत्र बना दिया गया।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने मामले पर अब तक कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की है।
अब विभागीय जांच के बाद ही साफ होगा कि डिजिटल हस्ताक्षर का इस्तेमाल किसने किया और जन्म प्रमाणपत्र किस प्रक्रिया के तहत बनाया गया।