Friday, November 13, 2026 08:03:34 PM

नोएडा एलिवेटेड रोड धंसी आईआईटी रुड़की जांच
नोएडा एलिवेटेड रोड 4 दिन में दूसरी बार धंसी: आईआईटी रुड़की की टीम करेगी जांच, सेक्टर-61 से 18 जाने वाली लेन बंद

नोएडा में 450 करोड़ की एलिवेटेड रोड 4 दिन में दूसरी बार धंसी। आईआईटी रुड़की करेगी जांच, मरम्मत तक सेक्टर-61 से 18 जाने वाली लेन बंद।

नोएडा एलिवेटेड रोड 4 दिन में दूसरी बार धंसी आईआईटी रुड़की की टीम करेगी जांच सेक्टर-61 से 18 जाने वाली लेन बंद
नोएडा एलिवेटेड रोड धंसी आईआईटी रुड़की जांच |

नोएडा में सेक्टर-28 (विश्व भारती स्कूल) से सेक्टर-61 तक बनी शहर की पहली एलिवेटेड रोड पर बार-बार गड्ढे होने का कारण जानने के लिए अब आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) की टीम जांच करेगी। बृहस्पतिवार को आईआईटी की टीम नोएडा पहुंचकर प्राधिकरण के इंजीनियरिंग विभाग के साथ मौके का मुआयना करेगी। जांच के दौरान सड़क की ऊपरी परत, कंक्रीट और नीचे लगे स्टील स्ट्रक्चर का निरीक्षण किया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सड़क का मरम्मत कार्य शुरू होगा, तब तक प्रभावित लेन यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगी।

4 दिन में दूसरी बार उखड़ी सड़क

इस्कॉन मंदिर के सामने शनिवार रात सड़क पर गड्ढा हो गया था, जिसे प्राधिकरण ने भरवा दिया था। लेकिन मंगलवार को उसी जगह पर करीब एक मीटर तक सड़क की ऊपरी परत दोबारा उखड़ गई, जिससे नीचे लगी स्टील प्लेट और सरिया दिखाई देने लगे। हादसों की आशंका को देखते हुए प्राधिकरण ने उस हिस्से में बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इससे पहले पिछले महीने भी सेक्टर-28 के पास सड़क धंसने से गहरा गड्ढा बन गया था।

450 करोड़ की लागत पर उठे सवाल

वर्ष 2017 में करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस एलिवेटेड रोड पर बार-बार सड़क उखड़ने से इसके निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि एलिवेटेड रोड के मुख्य स्ट्रक्चर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और यह सुरक्षित है। आईआईटी रुड़की के अलावा उत्तर प्रदेश सेतु निगम की तकनीकी टीम भी इस मामले की पड़ताल करेगी।

ट्रैफिक एडवाइजरी: नीचे वाले एमपी-2 मार्ग का करें इस्तेमाल

प्राधिकरण महाप्रबंधक एसपी सिंह के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद मरम्मत कराई जाएगी, जिसमें कई दिनों का समय लग सकता है। एहतियात के तौर पर सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए वाहन चालकों को एलिवेटेड रोड के नीचे बने एमपी-2 मार्ग से होकर गुजरने की सलाह दी है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें