Thursday, October 08, 2026 06:48:06 PM

नोएडा होशियारपुर गोदाम आग इलेक्ट्रॉनिक्स सामान
नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

नोएडा के होशियारपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भीषण आग लग गई। 16 दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

नोएडा में इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम में लगी भीषण आग लाखों का सामान जलकर राख
नोएडा होशियारपुर गोदाम आग इलेक्ट्रॉनिक्स सामान |

नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के होशियारपुर गांव की गली नंबर-2 में मंगलवार सुबह इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम मनीष शर्मा का बताया जा रहा है, जहां फ्रिज, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था।

मंगलवार सुबह करीब 7 बजे आसपास के लोगों ने बंद गोदाम से धुआं निकलता देखा। इसके बाद लोगों ने गोदाम मालिक और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

गोदाम आबादी के बीच एक संकरी गली में बना होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। टीम को 100 मीटर से ज्यादा लंबी पाइप लाइन फैलानी पड़ी। स्थानीय पुलिस की मदद से आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को भी बाहर निकाला गया, ताकि आग के दौरान किसी तरह का नुकसान न हो।

दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को आसपास फैलने से रोकने की कोशिश की, लेकिन आग कम नहीं हुई। इसके बाद गोदाम का टीनशेड काटकर अंदर तक पानी पहुंचाया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 16 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त गोदाम बंद था और अंदर कोई मौजूद नहीं था। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के सही कारणों की जांच अभी की जा रही है।

लाखों का सामान जलकर राख

मनीष शर्मा ने करीब 150 गज के भूखंड पर मेजेनाइन आकार का गोदाम-कम-दुकान बना रखा था। इसमें लाखों रुपये कीमत के फ्रिज, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा था। आग की वजह से ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। गोदाम मालिक फिलहाल नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें