नोएडा DLF मॉल महिला चोरी आरोप |
नोएडा के सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल से एक महिला पर घी और रिफाइंड तेल चोरी करने का आरोप लगाने का मामला सामने आया है। महिला को स्टोर स्टाफ द्वारा पकड़े जाने का करीब 30 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में महिला अपना चेहरा छिपाकर स्टोर से बाहर निकलती हुई नजर आ रही है। इसी दौरान दो महिला सुरक्षाकर्मी उसे पकड़कर अपने साथ ले जाती दिखाई देती हैं। वीडियो में स्टोर का एक व्यक्ति महिला पर सामान चोरी करने का आरोप लगाता हुआ भी सुनाई दे रहा है।
दावा किया जा रहा था कि महिला पिछले करीब एक महीने में कई बार स्टोर से घी और तेल लेकर गई थी। आरोप है कि उसकी गतिविधियां स्टोर में लगे CCTV कैमरों में भी कैद हुई थीं। बताया जा रहा है कि महिला जब दोबारा स्टोर पहुंची तो स्टाफ ने उसे पकड़ लिया।
हालांकि, पुलिस की जांच में कहानी कुछ अलग सामने आई है। सेक्टर-20 थाना पुलिस की जांच के दौरान स्टाफ महिला के चोरी करने का कोई CCTV फुटेज नहीं दिखा सका।
वहीं, महिला ने दावा किया कि उसके साथ आए युवक ने सामान का भुगतान किया था। मॉल प्रबंधन ने भी महिला के साथ आए युवक द्वारा भुगतान किए जाने की पुष्टि की है।
ऐसे में वायरल वीडियो के आधार पर लगाए गए चोरी के आरोपों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच में चोरी का कोई CCTV सबूत सामने नहीं आया है।