Friday, November 13, 2026 01:07:23 PM

नोएडा सेक्टर 19 कांग्रेस काला दिवस पैदल मार्च
वोट चोरी के मुद्दे पर नोएडा में कांग्रेस का हल्ला, सेक्टर-19 में निकला पैदल मार्च

नोएडा के सेक्टर-19 में मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस ने पैदल मार्च निकाला। दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार के विरोध में कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाया।

वोट चोरी के मुद्दे पर नोएडा में कांग्रेस का हल्ला सेक्टर-19 में निकला पैदल मार्च
नोएडा सेक्टर 19 कांग्रेस काला दिवस पैदल मार्च |

नोएडा। मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब नोएडा तक पहुंच गया है। गुरुवार को नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सेक्टर-19 में पैदल मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया और इसे ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया।

यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अराधना मिश्रा ‘मोना’ के निर्देश पर आयोजित किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व नोएडा महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश यादव ने किया।

‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘वोट की रक्षा करो’ के लगाए नारे

सेक्टर-19 में निकाले गए पैदल मार्च में कांग्रेस के बड़ी संख्या में नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ’, ‘संविधान बचाओ’ और ‘वोट की रक्षा करो’ जैसे नारे लगाते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मतदाता के वोट और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े सवालों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रही है।

दिल्ली की घटना के विरोध में मनाया काला दिवस

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने धक्कामुक्की और बल प्रयोग किया। वहीं, दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शन से जुड़े मामलों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ कथित पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

नोएडा कांग्रेस ने दिल्ली की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद और विपक्षी दल दिल्ली में लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। उनके मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ हुए कथित व्यवहार के विरोध में नोएडा में काला दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र, संविधान और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा कि जब तक मतदाता के वोट की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक पार्टी अपनी आवाज उठाती रहेगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना विपक्ष का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सूची और वोट की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम नागर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के वोट का सम्मान और उसकी निष्पक्षता जरूरी है। उन्होंने दिल्ली में हुई घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश की बात कही।

बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

सेक्टर-19 में आयोजित पैदल मार्च में वरिष्ठ नेता फिरे सिंह नागर, प्रदेश सदस्य यतेन्द्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष शहाबुदीन, उपाध्यक्ष ललित अवाना, प्रवक्ता पवन शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष विक्रम चौधरी, महासचिव दयाशंकर पांडेय, रामकुमार शर्मा, विक्रम सेठी, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल पांडेय, महिला नेत्री मधुराज, डॉ. सीमा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष जावेद खान, महिला नेत्री शिवानी पंवार और ज्योति पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें