नोएडा में चलती CNG टैक्सी में लगी आग |
नोएडा के सेक्टर-100 रोड पर चलती हुई CNG टैक्सी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग इतनी तेज हो गई कि पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक, वैगनआर टैक्सी सेक्टर-104 रेड लाइट से आम्रपाली सफायर की तरफ जा रही थी। सेक्टर-100 विला के सामने पहुंचते ही ड्राइवर को इंजन से अचानक आवाज सुनाई दी और गाड़ी से धुआं निकलने लगा। खतरा समझते ही ड्राइवर तुरंत टैक्सी से बाहर निकल गया।
CNG से चलने वाली गाड़ी में आग को बढ़ता देख ड्राइवर और आसपास मौजूद लोग भी तुरंत वहां से दूर हो गए। इसके बाद फायर विभाग को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टैक्सी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक, इस घटना में किसी भी यात्री या ड्राइवर को चोट नहीं आई है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।