शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में आग, एक की मौत |
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में गुरुवार देर रात अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग CNC लकड़ी कटिंग की एक दुकान में लगी थी। हादसे के वक्त दुकान के अंदर दो युवक सो रहे थे और आग के साथ उठे घने धुएं में फंस गए।
आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि राहत और बचाव के दौरान कोई अतिरिक्त खतरा न हो।
इसके बाद दमकल कर्मियों ने दुकान के अंदर फंसे युवकों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अल्तमस और अमन को बाहर निकाला। दोनों बेहोशी की हालत में मिले।
दमकल कर्मियों और पुलिस ने दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर उसकी मौत दम घुटने के कारण होने की बात सामने आई है। वहीं अमन की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
सीएफओ प्रदीप चौबे के मुताबिक, घटना के समय दोनों युवक दुकान के अंदर सो रहे थे और धुएं के कारण दम घुटने से घायल हुए। आग की सूचना पर दमकल विभाग की सात गाड़ियां रवाना की गई थीं, लेकिन मौके पर पहुंची एक ही गाड़ी ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालात सामान्य होने के बाद बाकी गाड़ियों की जरूरत नहीं पड़ी।
आग से दुकान में रखा फर्नीचर और लकड़ी कटिंग से जुड़ा सामान प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।