प्रदूषण को लेकर 5 साल के रुद्र ने लिखा पत्र |
नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण और बिगड़ते पर्यावरण को लेकर पांच वर्षीय रुद्र प्रताप सिंह तोमर ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया है। नोएडा के सेक्टर-132 स्थित ग्राम रोहिल्लापुर निवासी रुद्र ने नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश और नोएडा विधायक पंकज सिंह को पत्र लिखकर स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।
सिर्फ पांच साल की उम्र में रुद्र ने अपने पत्र के जरिए प्रदूषण को लेकर चिंता जताई है। रुद्र ने कहा कि उसे किसी खिलौने या दूसरी सुविधा की जरूरत नहीं है। उसकी एकमात्र इच्छा है कि जब वह बड़ा हो तो उसे सांस लेने के लिए स्वच्छ हवा मिल सके।
रुद्र ने प्रशासन से अपील की है कि सर्दियों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से पहले ही प्रभावी कदम उठाए जाएं। पत्र में उसने बताया कि प्रदूषित हवा का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ता है। ऐसे में समय रहते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है, ताकि बच्चों को सांस से जुड़ी समस्याओं से बचाया जा सके।
रुद्र ने दिए प्रदूषण नियंत्रण के सुझाव
रुद्र ने अपने पत्र में प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई सुझाव भी दिए हैं। उसने सिंगल-यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। इसके साथ ही प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों और कंपनियों की नियमित जांच कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
रुद्र ने प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू करने और ज्यादा धुआं छोड़ने वाले वाहनों की नियमित जांच कराने की भी मांग की है। इसके अलावा पुराने और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने की गुजारिश की गई है।
पेड़ों की देखरेख और कूड़ा प्रबंधन पर भी जोर
रुद्र ने नोएडा में बड़े स्तर पर पेड़ लगाने के लिए नए स्थान चिह्नित करने और पहले से लगाए गए पेड़ों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।
साथ ही ग्रामीण इलाकों में जमा कूड़े-कचरे और गंदगी को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। रुद्र ने खुले में कूड़ा जलाने पर पूरी तरह रोक लगाने और गांवों में बेहतर कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया है, ताकि खुले में कचरा फेंकने और जलाने की समस्या को कम किया जा सके।
पिता के साथ विधायक पंकज सिंह से मिले रुद्र
रुद्र के पिता डॉ. रंजन तोमर बच्चे का पत्र लेकर विधायक पंकज सिंह से मिले और उन्हें प्रदूषण से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि रुद्र कम उम्र में ही अपने आसपास के पर्यावरण और वायु प्रदूषण को लेकर चिंतित है।
विधायक पंकज सिंह ने रुद्र की चिंता को गंभीरता से लेते हुए मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश से इस विषय पर बातचीत करेंगे और रुद्र की ओर से उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करेंगे। विधायक ने बच्चे का पत्र CEO तक पहुंचाने की बात भी कही।