Friday, November 13, 2026 01:02:32 PM

नोएडा पुलिस मुठभेड़
नोएडा में पुलिस मुठभेड़, चेन स्नैचिंग के दो आरोपी घायल; 2.19 लाख रुपये बरामद

नोएडा के सेक्टर-39 में पुलिस मुठभेड़ के दौरान चेन स्नैचिंग के दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने 2.19 लाख रुपये, अवैध तमंचे, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है।

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ चेन स्नैचिंग के दो आरोपी घायल 219 लाख रुपये बरामद
नोएडा पुलिस मुठभेड़ |

नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस और चेन स्नैचिंग के दो आरोपियों के बीच 15 अक्टूबर 2026 की रात मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए। उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और 2 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दादरी रोड नर्सरी के पास सेक्टर-43 में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर-49 रेड लाइट की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे रुकने के बजाय तेजी से स्टेलर ग्रीन पार्क की तरफ भागने लगे।

संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और अन्य पुलिसकर्मियों को भी सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख दोनों ने मोटरसाइकिल सोमबाजार से स्टेलर ग्रीन पार्क के पास जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर मोड़ दी। बारिश के कारण उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान सलमान (30), पुत्र अय्यूब, निवासी मोहनपुर नूरेइलाही कॉलोनी, भजनपुरा, दिल्ली और तनवीर (37), पुत्र मईनुद्दीन, निवासी सुभाष विहार, नॉर्थ घोंडा, थाना भजनपुरा, दिल्ली के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर 350 सीसी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर DL 3S FT 9244) और 2 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नकदी थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना से संबंधित है।

पुलिस का कहना है कि सलमान के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में चेन स्नैचिंग, लूट और चोरी के 48 मुकदमे, जबकि तनवीर के खिलाफ 44 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें