ईस्टर्न पेरीफेरल पर बस पलटी, 14 घायल |
ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम कर्मचारियों से भरी बस पलट गई। हादसे में बस में सवार 14 कर्मचारी घायल हो गए। बस कासना से दादरी की ओर जा रही थी और उसमें करीब 28 से 30 कर्मचारी सवार थे।
हादसा दादरी थाना क्षेत्र में शाम करीब 6 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस के आगे एक वाहन चल रहा था। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने अचानक स्टीयरिंग मोड़ दिया। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई।
बस पलटते ही अंदर मौजूद कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
सभी 14 घायलों को इलाज के लिए जिम्स अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है।
बस को सड़क से हटाने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और बस के अनियंत्रित होने की वजह का पता लगाया जा रहा है।