नोएडा बैंककर्मियों का प्रदर्शन |
नोएडा के सेक्टर-62 में बुधवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली, बुलंदशहर और आसपासb के इलाकों से पहुंचे 2 हजार से ज्यादा बैंककर्मियों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने खास तौर पर सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी सुबह बैंक परिसर के बाहर जमा हुए और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ‘लेकर रहेंगे अपना अधिकार’ जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैंक परिसर के अंदर कराया। इसके बाद कर्मचारियों ने वहीं अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ बैंक कर्मचारी काले कपड़े पहनकर विरोध करते हुए भी नजर आए। बैंक अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के सभी बैंक कर्मचारियों ने काले कपड़े पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया है। कर्मचारियों का कहना है कि काले कपड़ों के जरिए उन्होंने अपनी मांगों की ओर सरकार और बैंक प्रबंधन का ध्यान खींचने की कोशिश की।
5 दिन की बैंकिंग व्यवस्था की मांग
प्रदर्शन में सबसे प्रमुख मांग सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की रही। कर्मचारियों का कहना है कि अगर सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू होती है, तो उन्हें भी दूसरे क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों की तरह बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस मिल सकेगा।
इसके अलावा कर्मचारियों में इंसेंटिव व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी दिखाई दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रदर्शन के आधार पर मिलने वाले इंसेंटिव का फायदा बड़े अधिकारियों को ज्यादा मिल रहा है, जबकि बैंक की शाखाओं में काम करने वाले कर्मचारियों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा।
कार्यक्रम में बैंक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों को मजबूती से उठाया और आंदोलन जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।