सेक्टर-56 में ऑटिज्म जागरूकता अभियान आयोजित |
नोएडा के सेक्टर-56 में शनिवार को नोएडा पुलिस, सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए और 'लेट्स हेल्प इंडिया' के संयुक्त प्रयास से ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (ASD) को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और विशेष जरूरतों वाले बच्चों को समाज में बराबरी का स्थान देने का संदेश दिया गया।
यह अभियान गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की पहल 'ऑपरेशन अपराजेय' के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों की सुरक्षा, अधिकारों और उनके पुनर्वास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में डीसीपी (महिला सुरक्षा) के निर्देशन में स्थानीय पुलिस टीम भी मौजूद रही।
कार्यक्रम के दौरान 'लेट्स हेल्प इंडिया' के प्रतिनिधियों ने लोगों को बताया कि ऑटिज्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि एक विकासात्मक स्थिति है। उन्होंने समाज में फैली गलतफहमियों को दूर करने और विशेष बच्चों व उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने की अपील की।
एनजीओ की प्रतिनिधि तूलिका दुबे ने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों के परिवार कई बार खुद को अकेला महसूस करते हैं। उन्होंने सभी से ऐसे बच्चों और उनके परिवारों के लिए सहयोगी और सकारात्मक माहौल बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष संजय मावी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने विशेष बच्चों और उनके परिवारों को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया। साथ ही, पूरे सेक्टर में पोस्टर और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उम्मीद जताई कि नोएडा पुलिस, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों के सहयोग से ऑटिज्म को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए समाज अधिक संवेदनशील और समावेशी बनेगा।