Sunday, August 16, 2026 09:24:51 AM

ग्रेटर नोएडा बेटे की हत्या में पिता गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में बेटे की हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार, शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ था विवाद

ग्रेटर नोएडा में बेटे की हत्या के मामले में करीब एक महीने से फरार पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया। शराब के लिए पैसे मांगने पर हुए विवाद में आरोपी ने बेटे के सिर पर बांस के डंडे से हमला किया था।

ग्रेटर नोएडा में बेटे की हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ था विवाद
ग्रेटर नोएडा बेटे की हत्या में पिता गिरफ्तार |

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बेटे की हत्या के मामले में करीब एक महीने से फरार चल रहे पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में उसने अपने 25 वर्षीय बेटे के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर दिया था। गंभीर चोट लगने के बाद बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के तुगलपुर गांव की है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि 21 जून की सुबह करीब 5 बजे आरोपी देवेंद्र (47) घर पहुंचा और बेटे करण से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर देवेंद्र ने घर में रखा बांस का डंडा उठाया और करण के सिर पर वार कर दिया।

हमले में करण गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण 22 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद करण की मां की शिकायत पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया और स्थानीय मुखबिरों के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली गई।

करीब एक महीने की तलाश के बाद शुक्रवार रात करीब 8 बजे पुलिस ने आरोपी देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के गडौली गांव का रहने वाला है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें