ग्रेटर नोएडा फैक्ट्री में आग |
ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित ILGIM इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण कंपनी में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। आग बुझाने के दौरान दीवार और लोहे का बीम गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे में फंसे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 3 बजे कंपनी में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। उस समय कंपनी की नाइट शिफ्ट में करीब 500 कर्मचारी काम कर रहे थे। रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद आग बुझाने का अभियान जारी था। सुबह करीब 5 बजे कंपनी की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में पांच फायरकर्मी आ गए। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फायरमैन रोहित यादव (32) और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह (48) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज चल रहा है।
बताया गया कि तीरथपाल सिंह वर्ष 1997 और रोहित यादव वर्ष 2016 में फायर विभाग में भर्ती हुए थे। दोनों मूल रूप से बागपत के रहने वाले थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित यथार्थ अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
कंपनी के कर्मचारी राजीव ने बताया कि सुबह ड्यूटी पर पहुंचने पर उन्हें आग लगने की जानकारी दी गई और छुट्टी कर दी गई। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
वहीं, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों और कंपनी में सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।