नोएडा सड़क हादसे में युवक की मौत |
नोएडा के सेक्टर-99 कट पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार और रेसिंग बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया, जबकि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान अरनव के रूप में हुई है। वह सेक्टर-110 स्थित एक सोसायटी में रहने वाली चिकित्सक शालिनी वर्मा का बेटा था। परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे अरनव अपनी बाइक से सेक्टर-99 से सेक्टर-49 की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-99 कट के पास पहुंचा, तभी लखनऊ नंबर की एक कार तेज रफ्तार और लापरवाही से आई और उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद अरनव सड़क पर गिर गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसके कपड़े तक फट गए। बाइक का आगे का पहिया और शॉकर अलग हो गए, जबकि कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
राहगीरों ने बिना देर किए ऑटो की मदद से अरनव को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में अरनव की मां शालिनी वर्मा ने सेक्टर-39 थाने में कार चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर आगे की जांच कर रही है।