सेक्टर-47 में गंदे पानी की सप्लाई |
शहर के सेक्टर-47 में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। पिछले दो दिनों से घरों में गंदे और मटमैले पानी की सप्लाई होने से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। शुक्रवार सुबह भी बड़ी संख्या में लोगों ने नलों से दूषित पानी आने की शिकायत की।
स्थिति यह है कि नियमित पानी की सप्लाई होने के बावजूद लोग उसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। पीने के लिए उन्हें बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे रोजाना अतिरिक्त खर्च भी बढ़ गया है।
निवासियों का कहना है कि गंदा पानी पीने, खाना बनाने और बच्चों व बुजुर्गों के उपयोग के लिए सुरक्षित नहीं है। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर अपने आरओ बंद कर दिए हैं और बाहर से पानी मंगवाना शुरू कर दिया है।
लोगों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार को भी निवासियों ने अधिकारियों से साफ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति जल्द शुरू कराने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में दूषित पानी की वजह से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने जल विभाग से पाइपलाइन और जलाशय की तुरंत जांच कराने, फ्लशिंग कराने और पानी के नमूनों की जांच कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे सामूहिक रूप से नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि जब समय पर पानी का बिल लिया जाता है, तो लोगों को साफ और सुरक्षित पेयजल भी मिलना चाहिए।