नोएडा में 13 साल के आयुष की मौत |
नोएडा में 13 साल के एक बच्चे की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आयुष शुक्ला 16 अगस्त को दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 21 अगस्त की रात सेक्टर-54 के जंगल में एक अज्ञात बच्चे का सड़ा-गला शव मिला।
मंगलवार को परिवार ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर कलावा, बेल्ट और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान आयुष के रूप में की। आयुष सेक्टर-20 में अपनी मां और दो बहनों के साथ रहता था और सेक्टर-24 के केंद्रीय विद्यालय में 7वीं कक्षा में पढ़ता था।
परिवार के मुताबिक, आयुष 16 अगस्त की शाम करीब 4 बजे दो क्लासमेट दोस्तों के साथ घर से निकला था। रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। मां का आरोप है कि उन्होंने 18 अगस्त को चौकी और थाने में शिकायत दी, लेकिन उन्हें अलग-अलग जगह भेजा जाता रहा।
मृतक की मां योगमाया शुक्ला ने अपने बेटे की हत्या का आरोप उसके साथ गए दो दोस्तों पर लगाया है। उनका दावा है कि आरोपियों ने आयुष पर हमला किया और शव को सेक्टर-54 के जंगल में फेंक दिया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
हालांकि, पुलिस का पक्ष मां के आरोपों से अलग है। सेक्टर-24 थाना पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को आयुष की मां की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश के लिए टीम बनाई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आयुष के शरीर पर कोई चोट नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।