गौतमबुद्धनगर, बेसिक शिक्षा परिषद, गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में जनपद में मिशन शक्ति विशेष अभियान के छठे चरण का शुभारंभ किया गया। 11 अक्टूबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत जनपद के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के प्रथम दिन दादरी, दनकौर और जेवर ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में पोस्टर और चार्ट के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, पुलिस सहायता नंबर 112 और घरेलू हिंसा से संबंधित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी दी। साथ ही, बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
यह विशेष अभियान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार की अध्यक्षता और जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) विनय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
जिला नोडल (बालिका शिक्षा) अर्चना पांडे ने बताया कि यह कार्यक्रम 11 अक्टूबर 2026 से 19 अक्टूबर 2026 तक जनपद के प्रत्येक कंपोजिट विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में ब्लॉक नोडल अनीता यादव, ज्योतिर्मय पांडेय, कल्पना शर्मा और कनिका सिंह के साथ मास्टर ट्रेनर ममता शर्मा, पायल भारती, महेश कुमार तथा सुगमकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।