लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने परखा नोएडा एयरपोर्ट |
लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने गुरुवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का स्थानीय अध्ययन और निरीक्षण किया। इस दौरे की अध्यक्षता सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने की। इस दौरान समिति ने एयरपोर्ट की मौजूदा तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने समिति को परियोजना की वर्तमान प्रगति और आगामी विकास कार्यों से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान सांसदों और वीवीआईपी के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था, वीआईपी और वीवीआईपी लाउंज, यात्री सुविधाओं, आगमन और प्रस्थान क्षेत्र, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए की गई व्यवस्थाओं, टर्मिनल भवन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इंतजामों का भी अवलोकन किया गया।
इसके अलावा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नियाल, यमुना प्राधिकरण, सीआईएसएफ, बीओआई, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ चिकित्सीय सुविधाओं और आवश्यक सुधारों को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर हाउसिंग कमेटी की सदस्य एवं सांसद अपराजिता सारंगी, सांसद कोडिकुन्निल सुरेश, सांसद अक्षय यादव, सांसद भोला सिंह, सांसद सतीश कुमार गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।