बरौला नाले में कूदा दंपती, लोगों ने बचाया |
सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में मंगलवार शाम एक दंपती आपसी विवाद के दौरान बड़े गंदे नाले में कूद गया। राहत की बात यह रही कि नाले में करीब पांच फुट पानी होने के कारण दोनों डूबे नहीं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत साहस दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और समझाकर घर भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर सेक्टर-49 थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दंपती वहां से जा चुका था।
थाना प्रभारी राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दंपती नाले के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पहले महिला नाले में कूदी और उसके पीछे पुरुष भी कूद गया।
घटना स्थल पर काफी भीड़ मौजूद थी। लोगों ने तुरंत मदद कर दोनों को बाहर निकाला। पुलिस दंपती की पहचान और मामले की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
नाले में मिला अज्ञात शव
एक अन्य मामले में सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-81 स्थित नाले में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।
थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि सीएचसी भंगेल से सूचना मिली थी कि राजदीप नाम का व्यक्ति एक अज्ञात व्यक्ति को अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक शराब पीने का आदी था और आसपास के इलाके में घूमता रहता था। फिलहाल उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।