कांवड़ यात्रा से पहले नोएडा में सड़क तैयार |
30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
कांवड़ मार्गों पर लगे लोहे के बिजली के खंभों को सुरक्षित बनाने के लिए उन पर पॉलीथिन चढ़ाई जा रही है। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान करंट लगने जैसी किसी भी अप्रिय घटना से बचाव करना है।
नोएडा के सेक्टर-14ए, सेक्टर-71 स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर, सेक्टर-63 और अन्य कांवड़ मार्गों पर बिजली के खंभों पर पॉलीथिन लगाने का काम किया जा चुका है। वहीं, कई अन्य स्थानों पर यह कार्य अभी भी जारी है।
इसके अलावा सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर के पास से गुजरने वाली सड़क का निर्माण भी रातोंरात कराया गया। बारिश के कारण यह सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे नोएडा प्राधिकरण ने कांवड़ यात्रा से पहले दुरुस्त कर दिया।
यह मार्ग हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले हरियाणा और दिल्ली के बड़ी संख्या में शिवभक्तों के लिए प्रमुख रास्तों में शामिल है। इसी मार्ग पर श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं के लिए कांवड़ शिविर और पंडाल भी लगाए जाने शुरू हो गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा रही हैं।