स्कूल में कारगिल विजय दिवस |
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अंतर्क्लान टेबल्यू प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्रों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय 'आतंकवाद' रखा गया था। छात्रों ने नाट्य प्रस्तुति, कविता और कला के माध्यम से आतंकवाद के दुष्परिणामों को दर्शाया और देश की एकता, शांति तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कारगिल युद्ध में शहीद मेजर आशीष धौंचक की माता कमला देवी और कैप्टन सुमित रॉय की माता स्वप्ना रॉय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनकी उपस्थिति ने पूरे कार्यक्रम को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।
स्कूल की प्रधानाचार्या निंदिया साकेत ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया और छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना की। वहीं, मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल्स की निदेशिका संयोगिता शर्मा ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें देशभक्ति और राष्ट्र सेवा की भावना को हमेशा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि कारगिल विजय दिवस हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों की याद में मनाया जाता है।