कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चीती दनकौर की कक्षा 7 की छात्रा कशिश ने कबड्डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय टीम में अपनी जगह बनाई है। कशिश के चयन से गौतम बुद्ध नगर जनपद का नाम रोशन हुआ है।
5 अक्टूबर 2026 को गोरखपुर के रीजनल स्टेडियम में माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय केजीबीवी कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर कशिश का चयन राज्य स्तरीय कबड्डी टीम के लिए हुआ।
कशिश ने मेरठ मंडल टीम की ओर से राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद अब वह राज्य स्तरीय कबड्डी कप में गौतम बुद्ध नगर जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी।
चयन के बाद कशिश फिलहाल गोरखपुर में आयोजित 7 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही है। यहां राज्य टीम के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा उसे कबड्डी की तकनीक, रणनीति, शारीरिक फिटनेस और टीम समन्वय का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए उसे बेहतर तरीके से तैयार करना है।
कशिश की इस उपलब्धि पर बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार और जिला बालिका शिक्षा समन्वयक श्री विनय प्रकाश सिंह ने विद्यालय की खेल अध्यापिका श्रीमती चित्रापाल जी को बधाई दी। साथ ही उन्होंने कशिश के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों ने कहा कि कशिश की सफलता जनपद की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा है और यह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में खेलों को दिए जा रहे महत्व को भी दर्शाती है।
कशिश की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अध्यापिकाओं और जनपद के शिक्षा विभाग ने खुशी जाहिर की है।