ग्रेटर नोएडा राजीव शव बरामद |
ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा इलाके में एक लापता व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव भारत पेट्रोल पंप के पास स्थित पार्किंग से बरामद किया गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजीव पुत्र विनोद, निवासी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, कुलेसरा के रूप में हुई है।
शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
12 सितंबर की रात घर से निकले थे राजीव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव मूल रूप से ग्राम पिलखुनी, थाना सिढपुरा, जिला कासगंज के रहने वाले थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, कुलेसरा में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात राजीव बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने ईकोटेक-3 थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पार्किंग में मिला शव
बीती रात डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि जलपुरा स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एक पार्किंग में किसी व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान लापता राजीव के रूप में हुई।
शव की हालत काफी खराब थी। पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि राजीव के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पत्नी से विवाद के बाद घर से निकलने की बात
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना वाले दिन राजीव का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से निकल गए थे।
परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।