ग्रेटर नोएडा इंटरनेशनल ट्रेड शो 25 सितंबर |
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार इस बड़े व्यापारिक आयोजन को फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) के सहयोग से आयोजित कर रही है। FIEO के अनुसार, इस बार ट्रेड शो में 1000 से अधिक भारतीय विक्रेता, निर्यातक, निर्माता और MSME इकाइयां हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा दुनिया के अलग-अलग देशों से करीब 600 प्रमुख विदेशी खरीदार भी ट्रेड शो में पहुंचेंगे। यहां B2B बैठकें, व्यापारिक साझेदारी, तकनीकी सहयोग और निवेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
6 पार्टनर देश होंगे शामिल
इस साल जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस छह पार्टनर देशों के रूप में शामिल हो रहे हैं। इन देशों की भागीदारी से व्यापार, निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा।
ट्रेड शो में भारत के FTA और CEPA पार्टनर देशों पर खास फोकस रहेगा। जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और ओमान जैसे बाजारों से खरीदार और प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचेंगे।
इससे उत्तर प्रदेश के निर्यातकों को इन व्यापार समझौतों का फायदा उठाने और नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही BRICS देशों सहित एशिया, अफ्रीका, यूरोप और उत्तरी अमेरिका से भी खरीदारों के आने की बात कही गई है।
CM योगी से मुलाकात करेगा विदेशी प्रतिनिधिमंडल
कार्यक्रम के दौरान विदेशी खरीदारों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश, सोर्सिंग और निर्यात से जुड़े इकोसिस्टम पर चर्चा होगी।
ट्रेड शो में MSME, टेक्सटाइल, चमड़ा, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, हस्तशिल्प और ODOP उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। FIEO के 37 हजार से अधिक सदस्य B2B बैठकों को सुगम बनाने में मदद करेंगे।