15 साल तक बच्चों के सोशल मीडिया पर रोक की मांग |
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने भारत में 15 साल तक के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए कानून बनाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि बच्चों को मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल पढ़ाई से जुड़े कामों के लिए करने की अनुमति होनी चाहिए।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के मेरठ प्रांत अध्यक्ष डॉ. विपिन गुप्ता ने कहा कि यूरोप के कुछ देशों की तरह भारत में भी 15 साल तक के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर रोक लगनी चाहिए। इस मांग को लेकर भारत सरकार को पत्र भी भेजा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल तक सरकार इस दिशा में कानून बना सकती है।
डॉ. विपिन गुप्ता रविवार को नोएडा में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की नोएडा महानगर कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
कारों की इमरजेंसी स्थिति पर ग्राहकों को जानकारी देने की मांग
डॉ. गुप्ता ने कार कंपनियों से जुड़ी एक और समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कंपनियां शोरूम में कारों के सुरक्षा फीचर्स की जानकारी तो देती हैं, लेकिन यह नहीं बतातीं कि अगर कार पानी में फंस जाए, अचानक आग लग जाए या सेंट्रल लॉक जाम हो जाए तो ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत इस मुद्दे पर एक मुहिम शुरू करने जा रही है। संगठन की मांग है कि कार कंपनियों के शोरूम में ग्राहकों को ऐसी आपात स्थिति से निपटने की जानकारी देना अनिवार्य किया जाए।
मुखिया अजय यादव को मिली नई जिम्मेदारी
बैठक के दौरान सेक्टर-112 निवासी मुखिया अजय यादव को मेरठ प्रांत का रोजगार सह प्रमुख बनाए जाने की घोषणा भी की गई।
इस दौरान प्रांत संगठन मंत्री नरेन्द्र शर्मा और लाखन सिंह, प्रांत प्रचार मंत्री पवन त्यागी और महिला आयाम प्रमुख मेरठ प्रांत सुमन जैन ने जिला महानगर के पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपीं।
कार्यक्रम में नोएडा महानगर अध्यक्ष अजय पांडे, उपाध्यक्ष अरूण कुमार और ज्ञानेन्द्र, सचिव जितेन्द्र श्रीवास्तव, सहसचिव आदित्य नारायण सिंह और प्रभाकर झा, कोषाध्यक्ष अमरजीत यादव, मीडिया प्रभारी आकाश कुमार, मुखिया अरूण यादव और अमित यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।