लखनावली सील बिल्डिंग में निर्माण |
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार्रवाई के बावजूद लखनावली गांव में निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम जारी रहने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्राधिकरण खसरा नंबर 190 और 244 में बन रही बिल्डिंग को अब तक दो बार सील कर चुका है, लेकिन दोनों ही बार बिल्डर ने सील की नोटिस हटा दी और अंदर फिर से निर्माण शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार की गई, लेकिन इसके बावजूद बिल्डर के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
लोगों का आरोप है कि अवैध तरीके से बनाई जा रही बिल्डिंगों में लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
पहले भी दर्ज हुआ था मामला
बताया गया है कि लखनावली गांव के खसरा नंबर 190 और 244 पर बिना अनुमति के करीब पांच मंजिल की बिल्डिंग बना दी गई। इस मामले में प्राधिकरण की ओर से पहले भी अजीमुर रहमान समेत अन्य लोगों के खिलाफ सूरजपुर कोतवाली में मामला दर्ज कराया जा चुका है।
इसके बावजूद स्थानीय लोगों के मुताबिक सील हटाकर निर्माण का काम चलता रहा।
दोबारा चस्पा किया गया नोटिस
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों तक कई बार शिकायत की। इसके बाद प्राधिकरण ने दोबारा बिल्डिंग पर सील का नोटिस चस्पा किया।
नोटिस के साथ ही 15 जून तक बिल्डिंग खाली करने की चेतावनी भी दी गई थी।
लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके बाद भी बिल्डिंग में निर्माण का काम बंद नहीं हुआ। लोगों ने जब दोबारा शिकायत की कि सील का नोटिस हटाकर अंदर काम किया जा रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारियों ने जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस बिल्डिंग को 15 जून तक खाली कराया जाना था, उसमें अभी भी निर्माण कार्य जारी है।
अब स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि अगर जिम्मेदार इसी तरह लापरवाही बरतते रहे, तो आने वाले समय में यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है।