ग्रेटर नोएडा होटल में हाईटेंशन लाइन से युवक की मौत |
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। भारत धर्म कांटा के पास स्थित होटल स्टे इन में ठहरे 26 वर्षीय युवक की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक होटल की खिड़की से बाहर झांक रहा था, तभी उसका हाथ बाहर से गुजर रही 11,000 केवी की हाईटेंशन लाइन से छू गया।
करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बिजली की लाइन से संपर्क होते ही युवक के पैरों के पास तेज चिंगारियां निकलने लगीं और आग जैसी स्थिति बन गई।
होटल में बुक किया था कमरा
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान करण एन्क्लेव निवासी गौरव पुत्र साधुराम के रूप में हुई है। गौरव ने होटल स्टे इन में कमरा बुक किया था। बुधवार को वह होटल के बरामदे की खिड़की से बाहर देख रहा था। इसी दौरान खिड़की के बाहर से गुजर रही 11,000 केवी की हाईटेंशन लाइन से उसका हाथ टच हो गया।
हाईटेंशन लाइन से करंट लगने के बाद गौरव गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
बादलपुर थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बुधवार को थाना बादलपुर क्षेत्र में 26 वर्षीय गौरव पुत्र साधुराम, निवासी करण एन्क्लेव, होटल में कमरा बुक करके ठहरा था। इसी दौरान गौरव होटल की खिड़की के बाहर से जा रही हाईटेंशन लाइन से टच हो गया, जिससे बिजली का करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।