कांवड़ ड्रेस पर धीरेंद्र शास्त्री का क्रेज |
कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्ध नगर के बाजार पूरी तरह भगवा रंग में रंग गए हैं। जगह-जगह कांवड़ियों के लिए कपड़े और यात्रा से जुड़ी सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं। इस बार पारंपरिक भगवा वस्त्रों के साथ पंडित धीरेंद्र शास्त्री की फोटो और नाम वाली ड्रेस की भी बाजार में खूब मांग देखने को मिल रही है।
दुकानदारों का कहना है कि कांवड़िए बड़ी संख्या में धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर और नाम छपी टी-शर्ट व अन्य कपड़े खरीद रहे हैं। बढ़ती मांग के कारण कई दुकानों पर यह ड्रेस हाथों-हाथ बिक रही है। स्टॉक खत्म होने के बाद भी लोग इनकी उपलब्धता के बारे में लगातार पूछताछ कर रहे हैं।
जलाभिषेक का समय नजदीक आने के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु डाक कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे हैं। ऐसे में बाजारों में कांवड़ यात्रा से जुड़ी खरीदारी भी तेज हो गई है।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, सूरजपुर, जेवर और दनकौर सहित कई क्षेत्रों की दुकानों पर कांवड़ियों के लिए अलग-अलग तरह के कपड़े उपलब्ध हैं। इनमें टी-शर्ट, गमछे, ट्राउजर, सैंडो, कैप्री, बैग समेत कई वैरायटी देखने को मिल रही हैं।
इसके अलावा तिरंगा और भगवान हनुमान के झंडों की भी अच्छी मांग बनी हुई है। बाजारों में बढ़ती भीड़ और खरीदारी से कांवड़ यात्रा का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।