Thursday, October 08, 2026 06:56:17 PM

सुपरनोवा युवक मौत नया वीडियो
“नहीं गिर रहा सर…” और फिर 43वीं मंजिल से गिरा युवक, नया वीडियो वायरल

नोएडा की सुपरनोवा सोसायटी में 19 वर्षीय संभव जैन की मौत से पहले का नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। पुलिस और FSL टीम मामले की जांच कर रही है।

“नहीं गिर रहा सर…” और फिर 43वीं मंजिल से गिरा युवक नया वीडियो वायरल
सुपरनोवा युवक मौत नया वीडियो |

नोएडा। सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में हुई दर्दनाक घटना से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आया है। गुरुग्राम के मानेसर निवासी 19 वर्षीय संभव जैन की 43वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। अब सामने आए वीडियो में घटना से ठीक पहले उसे बचाने की कोशिश करते लोग नजर आ रहे हैं।

युवक को बचाने की कोशिश करते दिखे लोग

वीडियो में कुछ लोग और एसी मैकेनिक युवक को समझाते और नीचे आने के लिए कहते दिखाई दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बचाने की कोशिश के दौरान युवक ने कथित तौर पर कहा, “नहीं गिर रहा सर…” लेकिन कुछ ही देर बाद वह नीचे गिर गया। बताया गया कि यह पूरा घटनाक्रम पास में मौजूद एक केयरटेकर के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ।

एक दिन के लिए सुपरनोवा में ठहरा था युवक

मृतक की पहचान संभव जैन पुत्र विनय कुमार जैन, निवासी मानेसर, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संभव सुपरनोवा सोसायटी की स्पायरा बिल्डिंग में एक कमरे में एक दिन के लिए अकेले ठहरा था। बताया गया कि वह बालकनी की रेलिंग से लटक गया और इसके बाद नीचे गिर गया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस कमरे, बालकनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी मिल सके।

मानसिक तनाव की बात सामने आई

पुलिस की शुरुआती जांच और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर संभव के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें