ग्रेटर नोएडा ट्रक हादसा दो महिलाओं की मौत |
ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। सूरजपुर-कासना रोड पर औद्योगिक सेक्टर साइट-5 में जाने वाले कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम दोनों महिलाएं सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान मनीषा निवासी गांव दहगवां और विमलेश निवासी गांव हिम्मतपुर, थाना जरीफनगर, जिला बदायूं के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं एक ही कंपनी में नौकरी करती थीं।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।