PNB घोटाले में बैंककर्मियों की भूमिका पर सवाल |
ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। अब इस मामले में बैंक मैनेजर से लेकर कर्मचारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। खाताधारकों का आरोप है कि मामला सार्वजनिक होने से करीब एक महीने पहले ही बैंककर्मी शिकायत दबाने और रकम वापस कराने का भरोसा देकर उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहे थे।
जांच में बैंक कर्मचारी दीपांशी और आशुतोष पाठक के बीच कथित संबंधों की बात सामने आई है। आरोप है कि खाताधारकों की एफडी तोड़कर निकाली गई रकम आशुतोष के खातों में ट्रांसफर की गई। शुरुआत में कारोबार के नाम पर पैसे लेने और मुनाफे का लालच देने के बाद यह कथित लेनदेन करोड़ों रुपये तक पहुंच गया।
एक फैक्ट्री मालिक ने दावा किया कि उनके खाते से करीब 50 लाख रुपये निकालकर आशुतोष के खाते में भेजे गए। दबाव बनाने पर 15 लाख रुपये समेत तीन किस्तों में करीब 35 लाख रुपये वापस कराए गए। वहीं, पुलिस और अन्य एजेंसियों में शिकायत की बात सामने आने पर बैंक मैनेजर के खाताधारक के घर पहुंचने और शिकायत नहीं करने की अपील करने का भी आरोप है।
16 सितंबर 2026 को महिला खाताधारक संगीता की शिकायत के बाद मामला सामने आया। बैंक की शुरुआती जांच में तीन संदिग्ध लेनदेन के वाउचर नहीं मिले। बैंक की शिकायत के मुताबिक, दीपांशी ने आशुतोष के कहने पर अधिकारियों की यूजर आईडी का इस्तेमाल कर रकम ट्रांसफर करने की बात कही। शुरुआती जांच में झारखंड, गोवा और महाराष्ट्र के कम से कम छह बैंक खातों के जरिए रकम आशुतोष तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये के इस कथित घोटाले की भनक बैंक प्रबंधन को पहले से थी या नहीं? क्या शिकायतों को दबाने की कोशिश हुई? और आखिर खाताधारकों की मेहनत की कमाई की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी?