ग्रेटर नोएडा हॉस्टल के खाने में मिले कीड़े |
हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को अगर खाने की थाली में कीड़े नजर आएं, तो उनकी नाराजगी होना लाजिमी है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-1 स्थित नालंदा लिविंग जीएन हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर ऐसा ही मामला सामने आया है। छात्रों ने मेस में परोसे जा रहे खाने में कीड़े मिलने का दावा किया है। इस घटना के बाद छात्रों ने हॉस्टल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और खाने की गुणवत्ता में तुरंत सुधार करने की मांग की है।
खाने में कीड़े मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया
छात्रों का कहना है कि वे हॉस्टल में रहने और खाने के लिए हर महीने अच्छी-खासी रकम देते हैं। इसके बावजूद उन्हें साफ-सुथरा और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन नहीं मिल रहा है। छात्रों ने खाने में कीड़े मिलने का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। उनका कहना है कि इस तरह का भोजन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है और इसका असर उनकी पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।
मेस की नियमित जांच कराने की मांग
घटना के बाद छात्रों ने हॉस्टल प्रबंधन के सामने अपनी शिकायत रखी है। उन्होंने मेस में साफ-सफाई बनाए रखने, खाने की नियमित जांच कराने और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच
मामले को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग भी हरकत में आया है। विभाग के सहायक आयुक्त सर्वेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मेस में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर कितनी लापरवाही बरती गई है।