Saturday, October 10, 2026 11:08:44 PM

स्कूल ऑडिट CJP टीम को नहीं मिली एंट्री
सरकारी स्कूलों का हाल देखने पहुंची CJP टीम को नहीं मिली एंट्री, देवला में बाहर तैनात रही पुलिस

ग्रेटर नोएडा में सरकारी स्कूलों का जायजा लेने पहुंची CJP टीम को तीन स्कूलों में एंट्री नहीं मिली। टीम ने इसे लेकर कई सवाल उठाए।

सरकारी स्कूलों का हाल देखने पहुंची cjp टीम को नहीं मिली एंट्री देवला में बाहर तैनात रही पुलिस
स्कूल ऑडिट CJP टीम को नहीं मिली एंट्री |

ग्रेटर नोएडा। सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति और वहां मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे क्रॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास और उनकी टीम को जिले के तीन स्कूलों में प्रवेश नहीं मिला। मंगलवार को टीम देवला, मकौड़ा और जैतपुर वैशपुर के सरकारी स्कूलों में पहुंची थी। देवला के स्कूल के बाहर पुलिस भी तैनात थी, जिसके चलते टीम को गेट से ही वापस लौटना पड़ा।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में टीम के सदस्य स्कूल के शिक्षकों से प्रवेश नहीं देने का कारण पूछते दिखाई दिए। शिक्षकों ने बताया कि बीएसए के निर्देश के अनुसार किसी को अंदर नहीं आने दिया जा रहा, क्योंकि इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।

इसके बाद सौरव दास ने स्कूलों की व्यवस्था और निरीक्षण से रोके जाने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि स्कूलों को शिक्षा का मंदिर कहा जाता है, लेकिन उन्हें स्कूलों के अंदर जाने से क्यों रोका जा रहा है।

सौरव दास के मुताबिक, उनकी टीम यह देखना चाहती थी कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को शौचालय, कक्षाएं, साफ-सफाई और दूसरी बुनियादी सुविधाएं कैसी मिल रही हैं। इससे पहले टीम को नोएडा के गढ़ी चौखंडी स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश मिला था। वहां की व्यवस्था देखने के बाद टीम अन्य स्कूलों का जायजा लेने पहुंची थी।

इस दौरान कुछ स्थानीय निवासियों ने CJP टीम का विरोध भी किया। उनका कहना था कि उनके स्कूलों में सुविधाएं अच्छी हैं और अगर कोई समस्या होगी तो वे खुद शिकायत करेंगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों और CJP पदाधिकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।

देवला की गंदगी और रास्तों पर उठाए सवाल

देवला में सौरव दास ने गांव में फैली गंदगी और खराब रास्तों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे ऐसी स्थिति में स्कूल कैसे आते-जाते हैं। कुछ ग्रामीणों ने भी जनप्रतिनिधियों की गांव में मौजूदगी को लेकर शिकायत की। दास ने सांसद डॉ. महेश शर्मा को लेकर विकास और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल उठाए।

मकौड़ा और जैतपुर वैशपुर में बेहतर मिलीं सुविधाएं

रिपोर्ट के मुताबिक, मकौड़ा और जैतपुर वैशपुर के स्कूलों में छात्रों को निजी स्कूलों की तर्ज पर कई सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं देवला में खराब रास्तों के कारण बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है और स्थानीय लोग कई बार सड़क बनाने की मांग कर चुके हैं।

स्कूलों में सामान्य रूप से प्रवेश पर रोक नहीं बताई गई है। हालांकि, स्कूल प्रशासन का कहना है कि एक साथ 20 से 25 लोगों को परिसर में प्रवेश देने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से टीम को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें