Saturday, September 05, 2026 02:18:41 AM

नोएडा में कुत्तों का आतंक बढ़ा
नोएडा में आवारा कुत्तों का आतंक, बीटेक छात्र पर हमला

नोएडा में आवारा कुत्तों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। सेक्टर-105 में बीटेक छात्र पर हमला होने के बाद लोगों ने डॉग कैचर और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नोएडा में आवारा कुत्तों का आतंक बीटेक छात्र पर हमला
नोएडा में कुत्तों का आतंक बढ़ा |

शहर में आवारा कुत्तों के झुंड लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनते जा रहे हैं। शाम के समय घर लौटते बच्चों, बाजार जाने वाली महिलाओं और पार्क में घूमने वाले बुजुर्गों में अब डर का माहौल है।

गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे सेक्टर-105 में 20 वर्षीय बीटेक छात्र अमित आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो गया। कॉलेज से लौटते समय मार्केट के पास तीन से चार कुत्तों ने उसे घेर लिया। इस दौरान एक कुत्ते ने उसकी पिंडली में गहरा काट लिया।

कुत्तों से बचने की कोशिश में छात्र सड़क पर गिर गया, जिससे उसके घुटने, हाथ और कोहनी में भी चोटें आईं। आसपास मौजूद सुरक्षा गार्ड और राहगीरों ने कुत्तों को भगाया और घायल छात्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्र को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया। पिंडली में हुए घाव पर तीन टांके लगाए गए हैं। गिरने से आई चोटों को हल्का बताया गया है।

आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग

आवारा कुत्तों के बढ़ते झुंड को लेकर सेक्टर के लोगों में नाराजगी है। सेक्टर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दीपक शर्मा का कहना है कि केवल शिकायत दर्ज करने से समस्या का समाधान नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों की पहचान कर नियमित निगरानी, डॉग कैचर वैन की व्यवस्था और प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी बच्चे या बुजुर्ग के साथ ऐसी घटना न हो।

गौतमबुद्ध नगर में बढ़े कुत्तों के काटने के मामले

पिछले 15 दिनों में नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों में कुत्तों के काटने की करीब 20 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिले में कुत्तों के काटने के मामलों में लगभग 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, साल 2024 में पशुओं के काटने के कुल 1,45,137 मामले सामने आए थे। इनमें 1,32,210 मामले सिर्फ कुत्तों के काटने के थे।

वहीं, वर्ष 2025 में पशुओं के काटने के 1,84,328 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 1,66,564 मामले कुत्तों के काटने के थे। इस साल 15 अगस्त तक जिले में 73 हजार से ज्यादा कुत्तों के काटने के मामले सामने आ चुके हैं। 


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें