Friday, November 13, 2026 02:08:54 PM

ग्रेटर नोएडा गलत इंजेक्शन मामला
गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की हालत बिगड़ने का आरोप, क्लीनिक की जांच के लिए CMO को पत्र

घरबरा गांव के एक क्लीनिक में गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की हालत बिगड़ने का आरोप है। पुलिस ने क्लीनिक की जांच और संचालकों की डिग्री व रजिस्ट्रेशन की जानकारी के लिए CMO को पत्र लिखा है।

गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की हालत बिगड़ने का आरोप क्लीनिक की जांच के लिए cmo को पत्र
ग्रेटर नोएडा गलत इंजेक्शन मामला |

ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-वन कोतवाली क्षेत्र के घरबरा गांव में एक क्लीनिक पर गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की हालत गंभीर होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने क्लीनिक संचालक और उसके बेटे पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। महिला का फिलहाल स्वर्ण नगरी स्थित एएनएस अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने क्लीनिक की जांच और संचालकों की डिग्री व रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को पत्र लिखा है।

पेट दर्द की शिकायत पर क्लीनिक पहुंची थी महिला

घरबरा गांव निवासी विशाल के मुताबिक, 23 अक्टूबर को उसकी पत्नी सोनिया के पेट में तेज दर्द हुआ था। इसके बाद वह सामान्य इलाज के लिए गांव में स्थित एके पठान के क्लीनिक पर पहुंचा। आरोप है कि इस क्लीनिक को एके पठान का बेटा आमिर चलाता है और उसके पास डॉक्टर की मान्य डिग्री नहीं है।

विशाल का आरोप है कि आमिर ने खुद को डॉक्टर बताते हुए सोनिया की जांच की और उसके दोनों कूल्हों पर दो इंजेक्शन लगा दिए। इसके साथ ही कुछ दवाइयां भी दी गईं।

इंजेक्शन के बाद बिगड़ी महिला की हालत

पीड़ित के अनुसार, इंजेक्शन लगने के कुछ घंटे बाद सोनिया को तेज बुखार, घबराहट और बेचैनी होने लगी। उसका दायां पैर धीरे-धीरे नीला-लाल पड़ने लगा और उसमें काफी सूजन आ गई। पत्नी की हालत बिगड़ने पर विशाल ने एके पठान और आमिर को दो बार फोन किया। आरोप है कि दोनों ने यह कहते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि मामला उनके बस से बाहर है।

विशाल का यह भी आरोप है कि जब उसने इलाज में लापरवाही की बात उठाई, तो उसे धमकी देकर क्लीनिक से भगा दिया गया। इसके बाद वह सोनिया को जिम्स अस्पताल ले गया। वहां अल्ट्रासाउंड के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया। फिलहाल सोनिया का एएनएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।

CMO से मांगी क्लीनिक की जांच रिपोर्ट

पीड़ित पति ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि क्लीनिक संचालक और उसका बेटा बिना मेडिकल डिग्री और रजिस्ट्रेशन के क्लीनिक चला रहे हैं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है।

प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि विशाल की ओर से क्लीनिक संचालकों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस ने संचालकों की डिग्री और क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन की जांच रिपोर्ट के संबंध में CMO को पत्र लिखकर जानकारी मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में केस दर्ज करने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल महिला की हालत और क्लीनिक संचालकों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने आना बाकी है। 


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें